वहीं स्वामी प्रसाद मौर्या ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए बसपा को भी आड़े हाथों लिया।
जौनपुर| समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्या ने एक निजी कार्यक्रम में बीजेपी पर जमकर हमला बोला। वहीं स्वामी प्रसाद मौर्या ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए बसपा को भी आड़े हाथों लिया। स्वामी बोले बीजेपी लोकतंत्र को खत्म करने की नापाक कोशिश कर रही है। नए संसद भवन के उद्घाटन में राष्ट्रपति जी को भी आमंत्रित नही किया था।
राम मंदिर कार्यक्रम को बताया निजी
स्वामी प्रसाद मौर्या ने कहा कि राममंदिर के कार्यक्रम को भाजपा ने अपना कार्यक्रम बना दिया है। महामहिम राष्ट्रपति जी को आमंत्रित किया, वह तो जब लोगो ने टिप्पणियां करना शुरू किया, तब जाकर आमंत्रित किया है। यही नहीं अगर यह धार्मिक कार्यक्रम होता, तो इसमें चारों शंकराचार्य शामिल होते। अगर चारों शंकराचार्य नहीं शामिल हो रहे है, इसका मतलब उनकी नजर में भी यह धार्मिक अनुष्ठान नहीं है। यह भारतीय जनता पार्टी का निजी कार्यक्रम है।
बसपा पर भी बरसे मौर्या
कहा कि इसके साथ ही साथ आज भाजपा लोकतंत्र को कुचलने का कार्य कर रही है। यह विपक्षी पार्टियों के नेताओं के खिलाफ ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने का कार्य कर रही है। यही असफलता भारतीय जनता पार्टी का अंत करेंगी। 2024 में भाजपा की विदाई तय है। बहन मायावती पानी पीपी करके समाजवादी पार्टी को पहले भी कोसती आई हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी से उन्होंने दो बार गठबंधन किया। अगर सपा के नेता इतने ही बुरे थे, तो दो बार गठबंधन क्यों किया।