घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से अभी नहीं मिलेगी राहत 

नई दिल्ली। उत्तर भारत के कई राज्य शीतलहर की चपेट में है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। जिस वजह से कई उड़ानों में देरी भी हुई।

मौसम विभाग ने ठंड को लेकर जारी की चेतावनी

इस बीच मौसम विभाग ने भीषण ठंड को लेकर चेतावनी दी है। उत्तर भारत में मौसम की स्थिति पर आईएमडी वैज्ञानिक सोमा सेन ने बताया कि दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों के मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा, पंजाब में अगले दो से तीन दिनों तक भीषण ठंड का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही कोहरे की स्थिति भी बनी रहेगी।

17 फ्लाइट हुई रद्द

बता दें कि आज सुबह घना कोहरा होने के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लगभग 30 उड़ानों में देरी हुई। इसके अलावा 17 उड़ानों को रद्द कर दिया गया।

ट्रेनों पर पड़ा ठंड का असर

मौसम विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आयानगर और सफदरजंग में 25 मीटर की विजिबिलिटी दर्ज की गई, जबकि रिज और पालम क्षेत्रों में 50 मीटर की विजिबिलिटी दर्ज की गई है। घने कोहरे के कारण मंगलवार को दिल्ली जाने वाली कुल 30 ट्रेनें भी देरी से चलीं।

कोहरे के कारण विजिबिलिटी हुई कम

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वाराणसी में आज सुबह 5:30 बजे 0 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई, जबकि लखनऊ में 25 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई है।

घने कोहरे को लेकर IMD का अलर्ट

आईएमडी के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। साथ ही पंजाब, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी।

IMD ने क्या कहा?

मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। जबकि बुधवार को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में ठंड बढ़ने का अनुमान है।

आईएमडी की भविष्यवाणी के अनुसार, 17 जनवरी को पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर घना कोहरा रहने का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button