बलिया। नगर के भृगु आश्रम के पास स्थित भाजपा के कैंप कार्यालय पर सोमवार की दोपहर भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाई गई। इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारत की राजनीति के अजातशत्रु थे। उन्होंने भारत को राजनीतिक अस्थिरता से उबारने के अलावा देश के अंदर राजनीति में शुचिता और पारदर्शिता का एक आदर्श प्रतिमान रखा। जिसके लिए उन्हें आजीवन याद किया जाएगा। परिवहन मंत्री ने कहा कि अटल जी ने निःस्वार्थ भाव से देश व समाज की सेवा की और भाजपा की स्थापना के माध्यम से देश में राष्ट्रवादी राजनीति को नई दिशा दी। एक ओर उन्होंने परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध में विश्व को उभरते भारत की शक्ति का एहसास करवाया, वहीं दूसरी ओर देश में सुशासन की परिकल्पना को चरितार्थ किया। उनके विराट योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। कार्यक्रम में हर्ष सिंह, भाजपा के जिला मंत्री अरुण सिंह बंटू, बब्बन सिंह रघुवंशी, शत्रुघ्न पांडेय, किसान मोर्चा के मनोज पांडेय आदि मौजूद रहे।