छवि धूमिल करने के लिए गलत आरोप लगाकर कराया गया एफआईआर: मनोज
बलिया। स्वावलंबी भारत अभियान के गोरक्ष प्रान्त के संयोजक भाजपा नेता मनोज सिंह के द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के फोटो के साथ छेड़छाड़ करने, मुख्यमंत्री का फोटो हटाकर प्रमुख सचिव के साथ एडिट कर अपना फोटो लगाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए इसी संगठन से जुड़े बैरिया निवासी धनन्जय सिंह ने मनोज सिंह के खिलाफ पुलिस अधीक्षक बलिया के यहां प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश के क्रम में बैरिया थाने में मनोज सिंह के खिलाफ धारा 66 डी, 419, 420 आईपीसी के तहत मुकदमा पंजीकृत कर किया गया।
धनंजय सिंह ने अपने प्रार्थना पत्र में यह आरोप लगाया है कि भोलीभाली जनता को प्रमुख सचिव के साथ फोटो दिखाकर इसका दुरुपयोग करने का नीयत से इसे फेसबुक पोस्ट पर लगाया गया है। इस बाबत बैरिया एसएचओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक एस आनंद के आदेश के क्रम में शुक्रवार की रात मनोज सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उधर भाजपा नेता मनोज सिंह से जब मोबाइल पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि मेरी छवि को धूमिल करने के लिए मेरे ऊपर फर्जी मुकदमा कराया गया है। मैंने प्रमुख सचिव या मुख्यमंत्री के फोटो के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं किया है। जिस दिन का फोटो प्रमुख सचिव के साथ है। उसी दिन मैंने दो पत्र प्रमुख सचिव को सौंपा था। दोनों पत्रों पर आवश्यक दिशा निर्देश लिखकर प्रमुख सचिव ने पुलिस अधीक्षक बलिया व जिलाधिकारी बलिया को भेज दिया था। मुझे बदनाम करने के लिए फर्जी एफआईआर करवाने के पीछे अपने ही संगठन के लोगों पर आरोप लगाया। कहा कि जांच में सच्चाई सामने आ जायेगी और दूध का दूध पानी पानी हो जाएगा।