चंद्रयान- 3 की सफलता के लिए मप्र में पूजा-प्रार्थनाओं का दौर जारी

भोपाल । भारत का मिशन चंद्रयान-3 बुधवार शाम को चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। इसकी सफलता के लिए देशभर में विशेष अनुष्ठान और अभिषेक किया जा रहा है। चंद्रयान-3 की सफलता के लिए मध्य प्रदेश में भी पूजा और प्रार्थनाओं का दौर जारी है। उज्जैन स्थित प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के मंदिर में विशेष भस्मारती की गई। भस्मारती में लोग चंद्रयान की तस्वीर और तिरंगा लेकर शामिल हुए। वहीं, इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में भक्तों और पुजारियों ने विशेष हवन और आरती की।

छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जहां उन्होंने बालाजी से चंद्रयान-3 की सफलता की कामना की। राजधानी भोपाल में संस्कृति बचाओ मंच ने चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग की कामना के साथ रुद्राभिषेक पूजन किया है। इस पूजा में एक साथ पंडितों ने मंत्रोच्चारण के साथ ये रुद्राभिषेक किया और भगवान शंकर से प्रार्थना की। संस्कृति बचाओ मंच के संयोजक चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि चंद्रयान की सफल लैंडिंग के लिए संस्कृति बचाओ मंच ने भगवान शंकर का रुद्राभिषेक किया है। महादेव के एक गण में चंद्रमा भी हैं। चंद्रमा महादेव के शिखर पर विराजमान हैं। इस कारण भगवान शंकर को चंद्रशेखर भी कहा जाता है। उन्होंने कहा कि यह जो तीन महीने हैं, इनमें महादेव के पास सारी संपदा रहती है। उनके गण की सफलतम लैंडिंग अब निश्चित है।

प्रदेश के सीहोर जिला मुख्यालय स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में चंद्रयान-3 की सफलता के लिए पुजारियों ने विशेष पूजा-अर्चना की। पुजारियों ने सफल लैंडिंग के लिए पूजा-पाठ के साथ गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ किया। इस दौरान मंदिर में श्रद्धालु भी मौजूद रहे। मंदिर के पुजारी पंडित जय दुबे ने बताया कि चंद्रयान-3 की सफलता के लिए भगवान गणेश से प्रार्थना की गई। यह बहुत ही महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। भारत का नाम देशभर में रोशन हो, वैज्ञानिकों की मेहनत सफल हो, इसके लिए अर्थवशीर्ष का पाठ किया गया है।

Related Articles

Back to top button