
मुंडेरवा। क्षेत्र के कुसम्हा गांव के तालाब में मछली पकड़ते समय डूबे युवक का शुक्रवार को 18 घंटे बाद शव मिला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मालूम हो कि कुसम्हा गांव के कुछ लोगों ने पास के एक तालाब में मछली पालन किया है। बृहस्पतिवार दोपहर गांव निवासी महेंद्र कुमार उर्फ राजू (33) अपने आठ से दस साथियों के साथ तालाब में मछली पकड़ने गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जाल लेकर अंदर जाने पर महेंद्र का पैर फिसलने से तालाब में डूब गया। साथ गए दोस्त तालाब से निकल आए और शोर मचाने लगे। बताया जा रहा है कि गर्मी के सीजन में तालाब से बड़ी मात्रा में मिट्टी निकालकर बेच दी गई थी, जिससे तालाब की गहराई ज्यादा हो गई है।