नवरात्रि की नवमी पर पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़, रविवार को होगा विसर्जन

लखनऊ। लखनऊ के दुर्गा पूजा पंडालों में अष्टमी की शाम से नवमी की सुबह तक हजारों की संख्या में लोगों ने अपने परिवारों के साथ देवी दर्शन किया। नवरात्रि के अंतिम दिवस नवमी पर सुबह से देवी भगवती के दर्शन पूजन को पूजा पंडालों में भीड़ उमड़ पड़ी।

शहर में हुनर से सजाये गये भव्य पूजा पंडाल और देवी प्रतिमाओं को देखने के लिए शहरवासी निकले तो उनकी नजरें बादशाह नगर की अलौकिक देवी प्रतिमा पर जाकर ठहर गयी। देवी प्रतिमा को सफेद वस्त्र, सफेद मुकुट से सजाया गया है। इसी तरह चारबाग ​के कैश एण्ड पे कालोनी में सजायी गयी मां दुर्गा की प्रतिमा से लोगों की नजर नहीं हटी।

सुशांत गोल्फ सिटी कालोनी में बनाये गये पूजा पंडाल को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पूजा पंडाल को सजाते हुए अक्षरधाम मंदिर का स्वरुप देने का प्रयास किया गया है। शहर की निराला नगर कालोनी स्थित रामकृष्ण मठ में भी देवी दुर्गा की भव्य प्रतिमा लगायी गयी है। देवी दर्शन को सुबह शाम भारी भीड़ उमड़ रही है। मठ की ओर से भक्तों ने लिए भंडारा भी लगाया गया है।

शहर में रहने वाले बड़ी संख्या में बांग्ला समाज के लोगों ने इस बार भी मॉडल हाउस कालोनी में भव्य देवी पंडाल बनवाया है। जहां मां भगवती की प्रतिमा के दर्शन करने हजारों लोग पहुंच चुके है। सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी हुई हैं। पंडाल के चारों ओर बांग्ला भाषायी देवी भजन बज रहा है, जिसे सुनकर भक्तगण प्रफुल्लित हो उठ रहे हैं।

पान दरीबा दुर्गा पूजा समिति के वित्त सचिव उपेन्द्र ने कहा कि पूजा पंडाल में अष्टमी की शाम से ही भीड़ उमड़ी हुई हैं। नवमी की सुबह के वक्त भी सैकड़ों भक्तों ने देवी मां की प्रतिमा पर शीश नवाया है। पूजा पंडाल में भीड़ होने पर सामने पड़ी कुर्सियों को बढ़ाया गया है। मूर्ति का विसर्जन रविवार को कराया जायेगा।

लालकुंआ दुर्गा पूजा समिति के सदस्य विवेक ने कहा कि दशहरा की सुबह तक दुर्गा पूजा पंडाल में दर्शन पूजन चलेगा। इसके बाद देवी प्रतिमा के विसर्जन की तैयारी की जायेगी। पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों के साथ रविवार को मूर्ति का विसर्जन पूरे धूमधाम से कराया जायेगा।

Related Articles

Back to top button