डीजी राजीव कुमार ने घाटों की सुरक्षा का जायजा लेकर किया तर्पण

कोलकाता। महालया के अवसर पर बुधवार को हावड़ा के रामकृष्णपुर घाट पर राज्य के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने पितृपुरुषों को जल अर्पित कर तर्पण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण भी किया।इस दौरान हावड़ा सिटी पुलिस के कमिश्नर प्रवीन कुमार त्रिपाठी उनके साथ थे, जिन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी साझा की।

घाट पर उन्होंने पहले सुरक्षा का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने हावड़ा के अन्य घाटों जैसे तेलकल और जेटिया घाट का भी लांच से दौरा किया। तर्पण के लिए हावड़ा सिटी पुलिस के अधिकारियों ने उनके लिए एक पुरोहित की व्यवस्था की। पुरोहित ने गंगा में उतरकर डीजी को लगभग 20 मिनट तक तर्पण करवाया, जहां उन्होंने अपने पितृपुरुषों की आत्मा की शांति के लिए जल अर्पित किया।

इस दिन गंगा के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए तर्पण करने पहुंचे थे।

हावड़ा के घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस ने ड्रोन और स्पीडबोट की तैनाती की थी, साथ ही आपदा प्रबंधन बल की टीम भी सक्रिय रूप से लांच और नाव से गश्त करती दिखी। जब डीजी तर्पण कर रहे थे, तब आपदा प्रबंधन बल के कर्मी उन्हें घेरे हुए थे। तर्पण के बाद डीजी लांच से कोलकाता के लिए रवाना हो गए।

उल्लेखनीय है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से तीन महीने पहले ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राजीव कुमार को डीजी के पद पर नियुक्त किया था। हालांकि, चुनाव के समय उन्हें हटाकर सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का सचिव बनाया गया था, लेकिन जुलाई में उन्हें फिर से डीजी के पद पर बहाल किया गया।

Related Articles

Back to top button