सर्व कर्मचारी संघ ने कांग्रेस प्रत्याशी को सौंपा अपनी मांगों का ज्ञापन

फतेहाबाद। सर्व कर्मचारी संघ की राज्य कमेटी के निर्णयानुसार 10 साल की पक्की सेवाओं से हटाए गए 1983 पीटीआई व 816 ड्राइंग टीचरों की सेवाएं नियमित करने व अन्य मुद्दों को लेकर फतेहाबाद खंड कार्यकारिणी ने रविवार को फतेहाबाद से कांग्रेस प्रत्याशी बलवान सिंह को 15 सूत्री मांग पत्र सौंपा। बलवान सिंह ने कांग्रेस सरकार बनने पर कर्मचारियों की तमाम मांगों का समाधान करने का भरोसा दिलाया।

सर्वकर्मचारी संघ के फतेहाबाद ब्लॉक प्रधान राजपाल मिताथल व सचिव इंद्र घासी ने बताया कि पिछले 10 साल से सर्वकर्मचारी संघ कर्मचारियों की मांगों को लेकर आन्दोलन कर रहा है। भाजपा सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को बातचीत से हल करने की बजाए दमनकारी तरीके से उत्पीड़न किया है। संघ के 15 सूत्री मांग पत्र बारे बताते हुए संघ के पूर्व अध्यक्ष बेगराज, जिलाध्यक्ष भूप सिंह व जिला सचिव सुरजीत सिंह दुसाद ने बताया कि इसमें पेंशनरों की कम्यूटेशन की गई राशि को न्यायालय के आदेश द्वारा 10 वर्ष काटने के बाद रोक लगाने की नीति सभी कर्मचारियों पर लागू की जाए और ज्यादा काटी गई राशि वापस की जाए। इसके साथ 65, 70 व 75 वर्ष की आयु पर 10, 15, 20 बेसिक पेंशन में बढ़ोतरी की जाए, मेडिकल भत्ता 3000 रुपये किया जाए, तमाम विभागों के गेस्ट, डेली वेज, एडहॉक, कच्चे कर्मचारी जिनकी सेवा दो वर्ष की हो चुकी हैं, उन्हें बिना शर्त पक्का किया जाए, पुरानी पेंशन बहाल की जाए, कौशल रोजगार निगम भंग हो, स्कीम वर्कर व अलग-अलग योजनाओं में लगे कर्मचारियों का न्यूनतम वेतनमान 26 हजार किया जाए और लिपिकों को 35400 का नोटिफिकेशन जारी किया जाए। उन्होंने बताया कि उनकर मांगों में खाली पड़े लाखों पदों पर बेरोजगारों को स्थायी रोजगार देने, सार्वजनिक महकमों का विस्तार करना, आम जनता के लिए रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं का प्रबंध कर जन कल्याण की योजनाओं को लागू किया जाना शामिल है। इस माैके पर विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button