प्रदेश भाजपा ने केजरीवाल के खिलाफ कनॉट प्लेस में दिया धरना

नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश भाजपा ने रविवार को कनॉट प्लेस में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (आआपा) के खिलाफ धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदेश भाजपा ने इस दौरान जंतर मंतर पर आम आदमी पार्टी के जनता की अदालत लगाने को नौटंकी बताया और कहा कि पार्टी को अब दिल्ली की जनता को जवाब देना चाहिए।

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता ने 10 साल पहले केजरीवाल को दिल्ली की छवि सुधारने, भ्रष्टाचार ख़त्म करने के लिए चुना था। लेकिन आज हर दिल्लीवासी ख़ुद को उसी केजरीवाल से ठगा महसूस कर रहा है। अब ‘भ्रष्टाचारी’ सुपर सीएम अरविंद केजरीवाल और उसकी ‘गैंग’ को दिल्ली से उखाड़ फेंकने का वक़्त आ गया है।

आम आदमी पार्टी (आआपा) ने जंतर मंतर पर ‘जनता की अदालत’ कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसके जवाब में दिल्ली भाजपा की तरफ से आआपा के खिलाफ कनॉट प्लेस में प्रदर्शन किया गया और अरविंद केजरीवाल के आवास की प्रदर्शनी भी लगाई।

इस दौरान भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि ये शीशमहल नियम कानून को तोड़कर बनाया गया, तब देश में कोरोना का प्रभाव था, तब सत्र के दौरान सदन में मैंने इसका जिक्र किया था कि इस राजमहल का नक्शा पास नहीं कराया गया है। इसके बाद हमने उनके आवास के बाहर धरना भी दिया था। दिल्ली के लोगों को इसकी जानकारी होनी चाहिए कि इस घर के ऊपर 189 करोड़ रुपये खर्च हुए, ना की 52 करोड़।

Related Articles

Back to top button