भाजपा अकेली ऐसी पार्टी जिसमें आरक्षण लागू है : भूपेन्द्र चौधरी

बलिया। जनपद में भाजपा की सदस्यता अभियान के लिए रविवार को आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि हमारी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से काम करती है। विपक्ष संविधान और आरक्षण को लेकर भ्रम फैला रहा है। भाजपा ही अकेली ऐसी पार्टी है, जिसमें आरक्षण की व्यवस्था है। जबकि सपा और कांग्रेस में किसके लिए आरक्षण है यह सब जानते हैं।

भाजपा की सदस्यता दिलाने के बाद सभा को सम्बोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि 2014 में भाजपा ने 11 करोड़ सदस्य बनाए थे। जिसमें यूपी में एक करोड़ 85 लाख सदस्य थे। पार्टी नेतृत्व ने निर्णय लिया है कि इस बार भी 11 करोड़ सदस्य बनाएंगे। पार्टी ने तय किया है कि हर बूथ पर दो सौ सदस्य बनाए जाएंगे। आज भाजपा देश भर में मजबूत है। भाजपा सबको साथ लेकर चलने के संकल्प के साथ काम करती है। कांग्रेस ने समाज को लंबे समय तक विभाजित किया। विभाजनकारी राजनीति कांग्रेस को शूट करती है। ये लोग समाज को बांट कर राजनीति करते हैं।

भाजपा देश के 140 करोड़ लोगों की पार्टी है। इस बार लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सीटें कम हुईं, लेकिन देश भर में जनाधार बढ़ा है। देश भर में हमें 70 प्रतिशत परिणाम मिला। बीस प्रतिशत सफलता के बाद भी कांग्रेस का इकोसिस्टम कह रहा है कि मोदी हार गए और कांग्रेस जीत गई। जबकि 2024 में 1952 के बाद तीसरी बड़ी सफलता है। आज से दस साल पहले यूपी की गिनती बीमारू राज्यों में होती थी। अब इसे अग्रणी राज्यों में गिना जाता है। इस अवसर पर मंत्री दानिश आजाद अंसारी, विधायक केतकी सिंह, पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, पूर्व मंत्री नारद राय, पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह, सुरेन्द्र सिंह, धनंजय कन्नौजिया, विजय बहादुर दूबे, विनोद शंकर दूबे व धर्मेन्द्र सिंह आदि थे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय यादव और संचालन प्रदीप सिंह ने किया।

Related Articles

Back to top button