यमुनानगर क्षेत्र से भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने भरा नामांकन

  • विधायक अरोड़ा ने शहर में चुनाव कार्यालय का किया शुभारंभ
  • नगर में कार्यकर्ताओं व समर्थकों के हुजूम के साथ किया रोड शो

यमुनानगर। हरियाणा चुनाव में यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के उम्मीदवार व विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इससे पहले अरोड़ा ने शहर में अपने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया और शहर के मुख्य चौकों से रोड शो निकाल कर लघु सचिवालय पहुंचे।

मंगलवार को इस मौके पर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने पत्रकारों से कहा कि चुनाव में हमारा मुख्य मुद्दा विकास का रहेगा और जनता के बीच में हम विकास के नाम पर ही वोट मांगेंगे। उन्होंने कहा कि यमुनानगर में 1200 करोड रुपये की राशि का एक मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है, जो 2025 तक बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने शहरवासियों के लिए 200 बेड का अस्पताल बनाकर जनता को समर्पित किया है। वहीं बाड़ीमाजरा का नहर पर डबल पुल का निर्माण किया गया है। शहर के रादौर रोड पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जारी है, जो इस साल के अंत तक पूरा होगा।

उन्होंने कहा कि मुख्य खजूरी रोड का पुनः निर्माण, तीन रेलवे अंडरपास जैसे कई महत्वपूर्ण काम शहर में किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई है। इसके अलावा केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहित योजनाओं का लाभ भी गरीब लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हम इन्हीं विकास जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच में जाएंगे और निश्चिततौर पर जनता हमें अपना आशीर्वाद देगी और भाजपा को तीसरी बार बहुमत से सरकार बनाने का मौका देगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में उनके कार्यकर्ता भी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button