संगठन पर्व 2024: प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्य बनायेगी भाजपा

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने मंगलवार को लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक को भाजपा का सदस्य बनाने के सा​थ सदस्यता अभियान का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी उपस्थित रहे। भाजपा ने प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्य बनाने का निर्णय लिया है। भाजपा कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों को मिस्ड कॉल 8800002024 पर कॉल कराकर पार्टी का सदस्य बनाने का कार्य करेंगे।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में केवल भाजपा ही कैडर आधारित पार्टी है। भाजपा भारत की माटी से जुड़कर भारत के महापुरूषों का सम्मान करते हुए राष्ट्र सर्वोपरि के भाव के साथ काम करती है।

योगी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से सर्वस्पर्शी पार्टी बनी है। भाजपा समाज के सभी वर्गों को जोड़ने में सफलता प्राप्त की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की माटी से प्रेम करने वाला हर व्यक्ति भाजपा से प्रेम करता है। पूरे देश में भाजपा के प्रति श्रद्धा व सम्मान का भाव है।

भाजपा कार्यकर्ता हनुमान जी की तरह शक्तिशाली: केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता हनुमान की तरह शक्तिशाली है। हर असंभव कार्य को वह संभव कर सकता है। उन्होंने कहा कि सपा,बसपा और कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है तो वह दुस्प्रचार का सहारा लेते हैं। विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देने के लिए हमारे पास लाखों कार्यकर्ताओं की फौज होनी चाहिए इसके लिए अधिक से अधिक सदस्यता करानी है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सदस्यता अभियान सर्वस्पर्शी होना चाहिए। सदस्यता अभियान के माध्यम से हर घर तक पहुंचना है। किसानों व लाभार्थियों को भी पार्टी का सदस्य बनाना है। आधी आबादी भाजपा के साथ खड़ी होना चाहती है इसलिए उन्हें भी सदस्य बनाना है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र दल हैं जहां लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन होता है। भाजपा की गौरवशाली परम्परा रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। इसलिए पार्टी ने जो लक्ष्य ​तय किया है उसे पूरा करना है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि हमारे पास डा.श्यामा प्रसाद मुखर्जी,एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी बाजपेई की विरासत है।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल ने किया। इस अवसर प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत, राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य, पूर्व उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, एमएलसी अवनीश ​पटेल व एमएलसी मुकेश शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button