कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक डा.भोला पांडेय का लंबी बीमारी के बाद लखनऊ में निधन

देवरिया। कांग्रेस पार्टी के नेता व पूर्व विधायक डा.भोला पांडेय का लंबी बीमारी के बाद लखनऊ स्थित आवास पर निधन हो गया। वह उस समय चर्चा में आए जब पू्र्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी के बाद प्लेन हाईजैक कर दुनिया का ध्यान खींचा था।

1980 व 1989 में द्वाबा, बलिया से विधायक चुने गए। बाद में उन्होंने सलेमपुर को राजनीतिक कार्य क्षेत्र बनाया और लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़े, लेकिन हार का सामना करना पड़ा।उनके निधन पर कांग्रेस पार्टी के पूर्व शहर अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्र के कैंप कार्यालय पर आयोजित शोक सभा में उपस्थित कांग्रेसजन ने शोक व्यक्त किया है।

इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में किया था प्लेन हाईजेक
जनता पार्टी की सरकार के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में 1978 में भोला पांडे एवं एक अन्य व्यक्ति ने पालम हवाई अड्डे से इंडियन एयरलाइंस का विमान हाईजैक कर लिया था। उसके बाद सरकार परेशान हो गई थी।

बड़ी मुश्किल के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री रामनरेश यादव ने वाराणसी हवाई अड्डे पर भोला पांडे से वार्ता की। उसके बाद उन्होंने प्लेन को मुक्त किया। इस बीच उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उसके बाद इंदिरा गांधी की सरकार आई। तब उन्हें जेल से रिहा किया गया।

क्रिकेट की गेंद को बताया था बम
इंडियन एयरलाइंस के विमान में भोला पांडे ने अपने हाथ में लिए क्रिकेट की गेंद को बम तथा खिलौने को पिस्टल बताकर प्लेन को बम से उड़ाने की धमकी देकर पायलट को अपने कब्जे में कर लिया था। जब पिस्टल एवं गेंद की जांच पड़ताल की गई तो वह बम नहीं था। उस दौरान इसकी खूब चर्चा हुई। उस वक्त भोला पांडे की पूरी दुनिया में चर्चा हुई थी।

Related Articles

Back to top button