भारत के अतीत का गौरव है राष्ट्रीय ध्वज : कमलेश मिश्रा

भाजपा ने शुरू किया हर घर तिरंगा अभियान, भाजयुमो ने निकाली बाइक तिरंगा यात्रा

बाराबंकी। भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज भारत के अतीत का गौरव, वर्तमान की प्रतिबद्धता और भविष्य के सपनों का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि यह देश की एकता, अखंडता और विविधता का प्रतीक है। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने उक्त बातें रविवार को भाजयुमो की बाइक तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर जीआईसी ऑडिटोरियम में भाजपा कार्यकर्ताओं से कहीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज 140 करोड़ देशवासियों की आन, बान और शान है। खादी से बना तिरंगा भारत की आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। राष्ट्र सर्वोपरि का भाव रखते हुए उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं से कहा कि अधिकाधिक लोगों से अपने घर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आग्रह भी करना है। इसके पूर्व उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में निकाली गई बाइक तिरंगा यात्रा को जीआईसी ऑडिटोरियम से झंडी दिखाकर रवाना किया तथा स्वयं बाइक यात्रा का नेतृत्व भी किया। तिरंगा यात्रा में सैकड़ों की संख्या में मौजूद बाइक सवार भारत माता के जयकारे लगाते हुए शहर के मुख्य मार्गो से होकर गुजरे। बाइक यात्रा नाका चौराहा, धनोखर चौराहा, लईया मंडी, छाया चौराहा, पुलिस लाइन, बस अड्डा होते हुए पुनः जीआईसी ऑडिटोरियम पहुंची। जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार मौर्य ने क्षेत्रीय अध्यक्ष का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, पूर्व सांसद उपेन्द्र सिंह रावत, एमएलसी अंगद सिंह, हरगोविंद सिंह, शरद अवस्थी, संदीप गुप्ता, राम कुमारी मौर्य, विजय आनंद बाजपेई, रोहित सिंह, आशुतोष अवस्थी, रचना श्रीवास्तव, आकाश पांडेय, सर्वेश अवस्थी, शिव कुमार यादव, अंकित वैश्य, सूरज भान, सत्या पंडित, हरिकेश, जुगुल किशोर मौर्य, अनूप यादव, शशि गुप्ता, गुरदीप सिंह मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button