मुख्यमंत्री आज बम्हनी बंजर में लाड़ली बहनों के आभार सह उपहार कार्यक्रम में होंगे शामिल

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (रविवार को) मंडला जिले के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री यहां नगर परिषद बम्हनी बंजर पहुंचकर रक्षाबंधन एवं श्रावण उत्सव लाड़ली बहनों के लिए आभार सह उपहार कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ साथ ही मुख्यमंत्री ग्वारा हवाई पट्टी में भाजयुमो की तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव का दोपहर 2.40 बजे भोपाल से वायुयान द्वारा पारगमन प्रवास पर डुमना एयरपोर्ट जबलपुर आगमन होगा और यहां से दोपहर 2.45 बजे हेलीकॉप्‍टर द्वारा प्रस्‍थान 3:10 बजे ग्वारा हवाईपट्टी पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री भाजपा युवा मोर्चा की मंडला जिले में प्रारंभ होने वाली तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करेंगे।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुधीर कसार ने बताया कि ग्वारा से प्रारंभ तिरंगा यात्रा बम्हनी बंजर तक पहुंचेगी। यहां मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आभार सह उपहार कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर सांसद पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके, भाजपा जिलाध्यक्ष भीष्म द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। मुख्‍यमंत्री बम्हनी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम 4.55 बजे वापस डुमना एयरपोर्ट जबलपुर आएंगे तथा यहां से वायुयान द्वारा शाम 5 बजे भोपाल रवाना होंगे।

सुधीर कसार ने बताया कि 11 से 13 अगस्त तक जिले की प्रत्येक विधानसभा में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है, साथ ही मंडल स्तर में भी सह यात्राएं निकाली जाएंगी। युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष आशीष झारिया ने जिले के सभी वर्ग से इस अभियान में शामिल होने का आग्रह किया है।

Related Articles

Back to top button