भटेहटा की बेटी नेहा सिंह को मिली पीएचडी की उपाधि

पीएचडी की उपाधि मिलने पर लोगों ने दी बधाई, गांव-परिवार में छाई खुशी

उत्तर प्रदेश में मेंथा ऑयल के भौतिक बाजार का विश्लेषण विषय पर किया शोध

बाराबंकी। दृढ़ इच्छा और दिल में आगे बढ़ने की लगन हो तो राहें अपने आप आसान हो जाती है। यह कहावत ग्रामीण परिवेश की रहने वाली एक होनहार युवा नेहा सिंह पर चरितार्थ होती है। नेहा सिंह ने डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या से अर्थशास्त्र में पीएचडी की उपाधि प्राप्त करके क्षेत्र के गांव भटेहटा का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के चलते घर-परिवार में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। बताते चलें कि देवा विकासखंड के ग्राम भटेहटा निवासी दिनेश नाथ सिंह की पुत्री नेहा सिंह को यह उपाधि डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या में अर्थशास्त्र के पर्यवेक्षक प्रो. विनोद कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में ‘उत्तर प्रदेश में मेंथा ऑयल के भौतिक बाजार का विश्लेषण’ विषय पर शोध करने से हासिल हुई।

गौरतलब है कि डॉ. नेहा सिंह मूलतः जनपद बाराबंकी के गांव भटेहटा की रहने वाली हैं। इनके पिता दिनेश नाथ सिंह अधिवक्ता (फौजदारी) हैं, जबकि माता शीला सिंह हैं। नेहा सिंह के पति अभिषेक कुमार सिंह मर्चेन्ट नेवी में कैप्टन है। मामा विनय कुमार सिंह ने बताया कि नेहा बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी थी। नेहा ने अवध विश्वविद्यालय से स्नातक किया। इसके बाद लखनऊ विश्वविद्यालय से व्यवसायिक अर्थशास्त्र में परास्नातक की डिग्री हासिल की। फिर दो बार राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा नेट क्वालीफाई भी किया। नेट क्वालीफाई करने से पहले साल 2011 से जवाहर लाल नेहरू स्नाकोत्तर महाविद्यालय में रिसर्च एसोसिएट के रूप में बीबीए इकोनॉमिक्स के छात्रों को पढ़ा रही है। साल 2018 में नेहा ने डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से अपनी पीएचडी की रिसर्च शुरू की। मेहनत और प्रयास के बाद नेहा सिंह ने 01 अगस्त 2024 को अपनी पीएचडी की पढ़ाई पूरी की है। वहीं डॉ. नेहा सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने संपूर्ण परिवार और शिक्षकों को दिया है, जिनके आशीर्वाद से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि मेंथा किसानों की आय को बढ़ाने और उन्हें जागरूक करने के लिए काफी काम करना है। ताकि उनकी आमदनी बढ़े।

पीएचडी उपाधि हासिल होने पर मामा विनय कुमार सिंह, अलका सिंह, रेंज वन अधिकारी एस.एन सिंह, समाजसेवी राजनाथ शर्मा, सत्यवान वर्मा, अशोक जायसवाल, मृत्युंजय शर्मा, साकेत संत मौर्य, पाटेश्वरी प्रसाद, विजय कुमार सिंह, अनुपम सिंह राठौर के साथ ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए मिष्ठान वितरण कर उनको बधाई संदेश दिया है।

Related Articles

Back to top button