जीत का तीसरी बार साक्षी बना उन्नाव, भाजपा के साक्षी महाराज ने लगायी हैट्रिक

-37190 मतों से जीत की दर्ज, कड़ी टक्कर के साथ दूसरे नंबर पर रही सपा की अन्नू टंडन

उन्नाव। उत्तर प्रदेश की उन्नाव लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के साक्षी महाराज ने 37190 मतों से जीत दर्ज कर तीसरी बार उन्नाव की सत्ता का ताज अपने सिर पहना। वहीं साक्षी महाराज को कड़ी टक्कर देते हुए दूसरे नंबर पर समाजवादी पार्टी प्रत्याशी अन्नू टंडन रहीं। बसपा ने इस सीट पर अशोक पांडेय पर दांव लगाया था। इस सीट पर कुल आठ प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। जिसमें साक्षी महाराज को जनता ने पुनः तीसरी बार चुना।

उन्नाव मे 13 मई को लोकसभा सीट के लिए चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ था। जिसमे इस बार 55.33 फीसदी वोटिंग हुई। जबकि 2019 के चुनाव मे यहाँ पर 56.47 फीसदी वोट डाले गए थे।

जिले मे मंगलवार को लोकसभा सीट पर प्रशासन द्वारा की गयी कड़ी सुरक्षा के बीच प्रातः 8 बजे मतगणना शुरू हुई। लोकसभा सीट पर भाजपा के साक्षी महाराज ने जीत की हैट्रिक लगाते हुए सपा की अन्नू टंडन को 37,190 वोटो से हराते हुए तीसरी बार चुनाव मे जीत हांसिल की। हालांकि शुरूआती राउंड मे साक्षी,अन्नू टंडन से दूसरे नंबर पर थे। लेकिन चौथे राउंड के बाद उन्होंने बढ़त बनानी शुरू कर दी और 37,190 वोट से जीत अपने नाम की। लोकसभा चुनाव मे 8 प्रत्याशी चुनावी समर के इस मैदान मे थे जिसमे भाजपा के साक्षी महाराज को 6,13,911 मत मिले, वहीं दूसरे नंबर पर कड़ी टक्कर के साथ रही सपा की अन्नू टंडन को 5,76,721 मत मिले। जबकि बसपा से अशोक कुमार पाण्डेय 57 हजार वोटो के साथ तीसरे नंबर पर रहे। जबकि अन्य प्रत्याशियों के अलावा नोटा के 8, 146 मत पड़े। हैट्रिक लगाते हुए जीत के बाद भाजपा के साक्षी महाराज को डीएम गौरांग राठी ने जीत का प्रमाण पत्र देते हुए शुभकामनायें दी।

मजबूत पार्टी बनकर उभरी सपा,बीजेपी को दी कड़ी टक्कर 2014,2019 के लोकसभा चुनाव मे हार का सामना करने वाली सपा इसबार मजबूत पार्टी बनकर उभरी। सपा प्रत्याशी अन्नू टंडन ने बीजेपी के साक्षी महाराज को जबरदस्त टक्कर देते हुए 5,76,721 वोट हांसिल किये। वहीं साक्षी महाराज को 6,13,911 वोट मिले। जिसके कारण भाजपा इस बार मात्र 37, 190 वोट से ही जीत हांसिल कर सकी। जबकि 2019 के चुनाव मे 4 लाख से अधिक वोट से जीत हांसिल की थी और इसबार 5 लाख के ऊपर की जीत का अनुमान भाजपा प्रत्याशी द्वारा लगाया गया था। लेकिन मजबूत टक्कर और जीत का अंतर कम होने की वजह से सपा इसबार मजबूत पार्टी के रुप मे उभरते हुई दिखी।

2019 का जनादेश

2019 मे नौ प्रत्याशियों ने भाग्य अजमाया था। जिसमें भाजपा के साक्षी महाराज, समाजवादी पार्टी के अरुण शंकर शुक्ला और कांग्रेस की अन्नू टंडन के बीच मुख्य मुकाबला था। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी को 7,03,507, सपा प्रत्याशी को 3,02,551 और कांग्रेस प्रत्याशी अन्नू टंडन को 1,85,634 वोट मिले थे। कई प्रत्याशियों की जमानत भी जब्त हुई थी। इस सीट पर साक्षी महाराज ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।

Related Articles

Back to top button