बिजली व पानी के लिए सड़कों पर उतरी महिलाएं

हाथरस। बिजली व पानी को लेकर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। सोमवार की सुबह ढकपुरा रोड पर महिलाओं ने जाम लगा दिया। 25 दिन से पानी नहीं आने से वह परेशान थीं। बिजली व पानी की समस्या को लेकर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर आधा घंटे बाद जाम खोल दिया।

बिजली व पानी को लेकर समस्या बढ़ती ही जा रही है। अब तो लोग सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने लगे हैं। सोमवार की सुबह ढकपुरा रोड पर आसरा कॉलोनी की महिलाओं ने सड़क पर जाम लगा दिया। वहीं उन्होंने पानी भरने के बर्तन रखने के साथ बच्चों को भी बैठा लिया।

25 दिनों से नहीं आ रहा पानी
उनका आरोप था कि पिछले 25 दिनों से पानी नहीं आ रहा है। इस कालोनी में करीब 65 मकान हैं। उनके लिए मात्र एक टैंकर पालिका द्वारा भिजवाया जा रहा है। इससे सभी घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। बिजली नहीं आने से यह समस्या और बढ़ गई है। शिकायतों के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होती है।

मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने महिला व पुरुषों को समझाया और समस्या का समाधान जल्द कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही धरना समाप्त किया। इस अवसर पर काफी संख्या में महिलाएं व पुरुष मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button