कांग्रेस सपा गठबंधन के एजेंट कर रहे रात दिन ईवीएम की रखवाली

  • उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी
  • 4 तारीख को होने वाली मतगणना का बेसब्री से इंतजार
  • स्ट्रांग रूम के बाहर गठबंधन प्रत्याशी के एजेंटो ने जमाया डेरा

बाराबंकी। जिले में मतदान के बाद सभी ईवीएम शहर के नवीन गल्ला मंडी परिसर में बने स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रख दी गई है। जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। लेकिन किसी गड़बड़ी की आशंका के मद्देनजर कांग्रेस सपा गठबंधन के एजेंट रात दिन ईवीएम की रखवाली कर रहे है। कांग्रेस गठबंधन की तरफ से एजेंटो का पास बनाकर ड्यूटी लगा दी गई है। अब यह स्ट्रांग रूम आउटर विजिट पास धारक एजेंट कंट्रोल रूम से ईवीएम स्थल की गतिविधि की टीवी स्क्रीन पर 24 घंटे निगरानी कर रहे है। बता दें कि प्रदेश के ज्यादातर संसदीय क्षेत्र में लोकसभा चुनाव संपन्न हो गया है। आगामी 1 तारीख को अंतिम चरण का चुनाव शेष है। जिसके बाद आगामी 4 तारीख को मतगणना संपन्न होगी।

जिसमें आए नतीजे प्रत्याशियों के भाग्य का निर्धारण करेंगे। मतगणना के लिए ईवीएम को नवीन मंडी परिसर में त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है। यहां सुरक्षा को और पुख्ता रखने के लिए जगह-जगह उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे लगाए गए है। साथ ही पर्याप्त सुरक्षा बल भी तैनात है। इतना सब होने के बावजूद भी राजनीतिक दलों को गड़बड़ी की आशंका है। खासतौर पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी तनुज पुनिया की ओर से बनाए गए एजेंट रात दिन ईवीएम स्थल पर मौजूद रहकर निगरानी कर रहे है। यहां कांग्रेस व सपा कार्यकर्ताओं की एक टीम ने स्ट्रांग रूम के बाहर डेरा जमा लिया है। इसके लिए दो शिफ्ट में ड्यूटी भी बांट दी गई है। बाराबंकी में कांग्रेस गठबंधन कोई रिस्क नहीं लेना चाहता। भले ही स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था केंद्रीय पुलिस बल द्वारा की जा रही हो लेकिन कांग्रेस गठबंधन को अपने कार्यकर्ताओं पर अधिक भरोसा है। कहीं कोई चूक ना हो इसे लेकर कार्यकर्ताओं ने स्ट्रांग रूम के बाहर खाट लगा ली है। भीषण गर्मी में भी इन कार्यकर्ताओं का उत्साह कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सभी आगामी 4 तारीख को होने वाली मतगणना का बेसब्री से इंतजार कर रहे है।

Related Articles

Back to top button