छत्तीसगढ़ पूरी तरह मोदीमय : किरण सिंहदेव

रायपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने रविवार को एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ पूरी तरह से मोदीमय हो गया है। भाजपा प्रदेश की सभी लोकसभा सीटें जीत रही है। प्रथम चरण के चुनाव संपन्न होने के बाद द्वितीय चरण में तीन लोकसभा क्षेत्र में चुनाव संपन्न हुए। छत्तीसगढ़ के चार लोकसभा क्षेत्रों का चुनाव संपन्न हो चुका है। छत्तीसगढ़ की सात सीटों का सात मई को तृतीय चरण में मतदान संपन्न होगा।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हुए सभी चरणों के मतदान में हमारे राष्ट्रीय नेताओं का लगातार छत्तीसगढ़ आना हुआ है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं का चुनाव प्रचार में आना हुआ है, जिससे लगातार पार्टी के पक्ष में माहौल बना। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने लोकसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए भाजपा के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन का आभार माना है। देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में वातावरण पूरी तरह मोदीमय है। हम 11 की 11 सीटें जीत रहे हैं।

इस दौरान पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक अजय चंद्राकर, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, विधायक मोतीलाल साहू, खुशवंत साहेब, रायपुर लोकसभा प्रभारी संदीप शर्मा, प्रवक्ता केदार गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी एवं सहप्रभारी अनुराग अग्रवाल भी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button