सुपर हाउस टेनरी पर बंदी का साया मंडराने पर हटाए गए 82 श्रमिकों का प्रदर्शन

उन्नाव। दही औद्योगिक क्षेत्र साइट-दो में संचालित सुपर हाउस टेनरी पर बंदी का साया मंडराने लगा है। टेनरी प्रबंधन ने आर्डर न मिलने की बात कहते हुए 82 श्रमिकों को हटा दिया। इससे आक्रोशित श्रमिकों ने टेनरी गेट पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। पुलिस की मौजूदगी में प्रबंधन ने दो माह का वेतन देने की बात कही तो श्रमिक शांत हुए।

सुपर हाउस टेनरी-एक का प्रबंधन आर्डर की कमी का दावा कर रहा है। इसके चलते प्रोडक्शन न होने की बात कहकर 82 श्रमिकों को निकाल भी दिया गया। जिसके चलते श्रमिकों ने टेनरी गेट पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। सूचना पर दही थाने से उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। उपनिरीक्षक ने पहले श्रमिकों से बात की। श्रमिकों ने बताया कि टेनरी प्रबंधन ने बिना किसी पूर्व सूचना व नोटिस के सभी को बाहर निकाल दिया है।

उनका वेतन, ग्रेच्युटी आदि भी नहीं दिया। इस पर पुलिस ने फैक्टरी प्रबंधन से बात करके दो माह का वेतन दिलाने की सहमति दिलाई। उपनिरीक्षक ने बताया कि श्रमिकों को प्रबंधन पूर्व में ही नोटिस दे चुका है। प्रबंधन ने दो माह का वेतन, ग्रेच्युटी सहित जो उनका भुगतान बन रहा है, उसे देने का आश्वासन दिया है।

टेनरी मैनेजर ब्रजेंद्र सिंह ने बताया कि आर्डर न मिलने से ऐसा करना पड़ रहा है। नियमानुसार 82 श्रमिकों को हटाया गया है। इसकी जानकारी श्रमायुक्त को पहले ही दी जा चुकी है। श्रमिकों को नोटिस अवधि का पैसा दिया जाएगा। इसके बाद टेनरी बंद कर दी जाएगी। जो माल बचा है, उसे खपाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button