जिले में धूमधाम मनाया गया 75वां गणतंत्र दिवस

कलेक्ट्रेट में डीएम व सिविल कोर्ट में डीजे ने किया ध्वजारोहण

बलिया। 75वां गणतंत्र दिवस पूरे जिले में धूमधाम से मनाया गया। समस्त सरकारी व गैर सरकारी संस्थान के अलावा शैक्षणिक संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपने अंदाज में गणतंत्र दिवस की खुशियां मनाईं। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट में झंडारोहण किया। इसके बाद उपस्थित समस्त कर्मियों को संविधान के प्रति श्रद्धा, निष्ठा और भारत की संप्रभुता व अखंडता को बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर डीएम ने कहा कि आज के ही दिन हमारा संविधान लागू हुआ ताकि हर किसी का मूल अधिकार, शासन प्रणाली व न्याय व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके और लोकतंत्र को मजबूती मिले।

यह दिन अब तक की अर्जित उपलब्धियों पर गर्व करने का दिन है। संदेश दिया कि हमारी आपसी एकता ही मजबूती का सबसे बड़ा माध्यम है। अंत में सभी से आह्वान किया कि जो प्रतिज्ञा या संकल्प लिया है, उसका पालन अवश्य करेंगे। उधर, विकास भवन पर मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर विकास भवन कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष डा सुशील कुमार तिवारी द्वारा देश भक्ति गीत प्रस्तुत किया गया। इस मौके प्रशांत राजन सिंह महामंत्री एवं समस्त अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं सिविल कोर्ट में जिला जज अशोक कुमार सप्तम ने ध्वजारोहण किया एवं कर्तव्य व निष्ठा की शपथ दिलाई।

जिला अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विजयपति द्विवेदी ने ध्वजारोहण किया। इंदिरा मार्केट टैक्स बार के अधिवक्ताओं ने ध्वजारोहण किया। जबकि फ़ीनिक्स इंटरनेशनल स्कूल निबिया पोखरा, शंकरपुर व भगवानपुर में डायरेक्टर सुनील कुमार यादव व प्रधानाचार्य श्रवण कुमार ने झंडात्तोलन किया। इसके अलावा दुर्गावती शिक्षण संस्थान धर्मपुरा में प्रबंधक अरविंद पांडेय ने ध्वजारोहण किया। नगर से सटे मिड्ढा कम्पोजिट विद्यालय पर प्रधानाध्यापक अली अख्तर ने झंडात्तोलन किया। वहीं बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

Related Articles

Back to top button