छह वर्ष में बेसिक स्कूलों में 60 लाख विद्यार्थी बढ़े हैं

लखनऊ। सीएम ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने का कार्य प्रदेश में दिख रहा है। बेसिक शिक्षा में 1.91 करोड़ बच्चों को यूनिफॉर्म, बैग, शूज, स्वेटर, बैग, बुक्स उपलब्ध कराने के साथ छह वर्ष के अंदर लगभग 60 लाख विद्यार्थी बेसिक शिक्षा के स्कूलों में बढ़े हैं। ऑपरेशन कायाकल्प, स्मार्ट क्लास, पायलट व पेयजल की शुद्ध उपलब्धता के कार्यक्रम युद्ध स्तर पर बढ़ रहे हैं। श्रमिकों के बच्चों के लिए इसी सत्र से अटल आवास विद्यालय शुरू होने जा रहे हैं। श्रमिक का बेटा भी अत्याधुनिक शिक्षा उपलब्ध करेगा। 18 अटल आवासीय विद्यालय, पंजीकृत श्रमिक व कोविड कालखंड में जिन बच्चों ने अपने अभिभावकों को खोया है, मुख्यमंत्री बालसेवा योजना से जुड़े बच्चों को इससे जोड़ने जा रहे हैं। माध्यमिक, उच्च, तकनीकी हो या व्यावसायिक शिक्षा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति ने नई संभावनाओं को जन्म दिया है। यह अवसर है जब भारत दुनिया में फिर से एजूकेशन हब के रूप में खुद को स्थापित कर सकता है।

यूपी में एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज की परिकल्पना साकार हुई
सीएम ने कहा कि यह प्रदेश इंसेफेलाइटिस से कराहता था। जुलाई से नवंबर तक हजारों बच्चे काल कलवित होते थे। छह वर्ष के अंदर 98 फीसदी बीमारी को नियंत्रित करने व मौत के आंकड़ों को नियंत्रित करने में यूपी ने सफलता प्राप्त की है। हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से बढ़ा है। एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज की परिकल्पना साकार हुई है। इस क्षेत्र में तेजी से कार्य हुआ है। वहीं हेल्थ व वेलनेस सेंटर के माध्यम से हेल्थ टूरिज्म को बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए आयुष्मान भारत योजना हो या मुख्यमंत्री जनआरोग्य योजना, 10 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर दिलाने का कार्य कर रही है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत 15 लाख बालिकाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से जोड़ने व दो करोड़ बेटियों की शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कराने में सफलता प्राप्त हुई है।

हमें नए भारत के साथ जुड़ना है
सीएम ने कहा कि हमें नए भारत के साथ जुड़ना है। पीएम मोदी ने 2027 तक भारत को तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प देशवासियों को दिया है। स्वाभाविक रूप से देश की आबादी का लगभग पांचवां भाग यूपी में निवास करता है। इतनी बड़ी आबादी जिस प्रदेश में निवास करती है, उस प्रदेश का भी कुछ दायित्व है। कृषि क्षेत्र में यूपी बखूबी कार्य कर रहा है। कृषि क्षेत्र में 11 फीसदी भाग यूपी के पास है। किसानों के परिश्रम के फलस्वरूप यूपी देश के अंदर 20 फीसदी खाद्यान्न उत्पादन में सफल हुआ है। इसे बढा़ने की संभावना पर यूपी में निरंतर कार्य हो रहा है।

भारत के अंदर यूपी सबसे युवा प्रदेश है तो 56 फीसदी जनसंख्या हमारे पास ऐसी है, जो कामकाजी है। इसके परिश्रम व पुरुषार्थ पर हमें गौरव की अनुभूति करनी होगी। इसे आगे बढ़ाना होगा। उस दृष्टि से यूपी ने तय किया है कि आगामी 5 वर्ष में व्यापक कार्य योजना लेकर चलेंगे। भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी के रूप में स्थापित करना है तो यूपी को भी 1 ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी के रूप में स्थापित करना होगा। छह वर्ष में हमने पांच वर्ष में यूपी की जीडीपी व प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने में सफलता पाई और यह तब किया, जब कोरोना महामारी चुनौती दे रही थी। अब अगला पांच वर्ष में यूपी की अर्थव्यवस्था को चार गुना करने में लक्ष्य प्राप्त करेंगे।

विकसित भारत का मार्ग यूपी से होकर जाता है
सीएम योगी ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव का रास्ता पंच प्रण से जाता है। यह संकल्प शपथ के रूप में हमने ग्रहण किया है। हर ग्राम पंचायत, नगर निकाय, समारोह पूर्वक लोग संकल्प ले रहे हैं। कोरोना महामारी हमारे संकल्प के आगे पराजित हुआ। दुनिया के कई क्षेत्र अभी भी कोरोना के आगे पस्त हैं, पर हम आगे बढ़ रहे हैं। कारण है संकल्पशक्ति जब स्वार्थ से उठकर आगे बढ़ती है तो वास्तविक रूप में परिणाम के रूप में दिखता है। हमें भी संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा। आने वाला 25 वर्ष का कालखंड नई ऊर्जा व उत्साह के साथ जुड़ने का आह्वान कर रहा है। नए भारत के दर्शन के लिए विकसित भारत का मार्ग सबसे बड़ी आबादी वाले यूपी से होकर जाता है। पंच प्रण विकसित भारत, विरासत का सम्मान, गुलामी के दंश से मुक्ति, एकता व एकीकरण हम सबका संकल्प होना चाहिए। इसकी अंर्तनिहित आत्मा है कि हर नागरिक अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए आगे बढ़ेगा तो कोई कारण नहीं कि 2027 में यूपी वन ट्रिलियन डॉलर व देश 5 ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी के साथ तीसरी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित होगा।

आन-बान-शान के साथ लहराता दिख रहा तिरंगा
सीएम ने कहा कि तिरंगा आज आन-बान-शान के साथ लहराता दिखाई दे रहा है। तिरंगा वीर शहीदों के साथ कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर दे रहा है। नए संकल्पों के साथ नए भारत के निर्माण के लिए पीएम मोदी के संकल्पों के साथ जुड़ने का आह्वान कर रहा है। आजादी के अमृत काल का यह प्रथम वर्ष आगामी 25 वर्ष की कार्ययोजना के साथ जोड़ता है। 2047 में जब भारत आजादी का शताब्दी महोत्सव मना रहा होगा तो हर व्यक्ति गौरव की अनुभूति कर पाए। तब हम अपनी पीढ़ी से कह पाएंगे कि हमारा संकल्प था। इसकी कार्ययोजना हमने मिलकर बनाई थी। अब इसे आप देख रहे हैं। दुनिया की सबसे बड़ी ताकत के रूप में भारत को स्थापित करने के लिए जुड़ेगा।

मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक के पांच पुलिसकर्मियों के नाम की घोषणा की
सीएम ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए यूपी पुलिस के वीर जवानों के लिए घोषणा की। मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेष पांडेय, एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक विशाल विक्रम सिंह, निरीक्षक अभिसूचना मुख्यालय लखनऊ विशाल सांगरी, एसटीएफ लखनऊ के मनोज कुमार, कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर की आरक्षी सुश्री शैलेष कुंतल के नाम की घोषणा की।

बॉक्स
सीएम ने वीर सपूतों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय सेना के मेजर अशोक कुमार सिंह, कर्नल भरत सिंह (शौर्य चक्र सम्मानित) , मेजर अरुण कुमार पांडेय (शौर्य चक्र सम्मानित), हवलदार कुंवर सिंह (मरणोपरांत वीर चक्र) के पुत्र ने सम्मान प्राप्त किया। नायक राजा सिंह (मरणोपरांत वीर चक्र) की पत्नी व पुत्रवधू ने सम्मान प्राप्त किया। लेफ्टिनेंट कर्नल अमित मोहिंद्रा (शौर्य चक्र) के पिता ने सम्मान प्राप्त किया। कर्नल मोनिंद्र राय (मरणोपरांत शौर्य चक्र) की पत्नी ने सम्मान प्राप्त किया। लेफ्टिनेंट हरि सिंह बिष्ट (मरणोपरांत शौर्य चक्र) की मां ने सम्मान प्राप्त किया। ब्रिगेडियर सैयद अली उस्मान (शौर्य चक्र से सम्मानित) की मां ने सम्मान प्राप्त किया। शहीद उताली के भतीजे ने सम्मान प्राप्त किया।

सीएम ने अपने सरकारी आवास पर भी किया ध्वजारोहण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस पर मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि सदियों की गुलामी की बेड़ियों को तोड़ते हुए आज ही के दिन देश आजाद हुआ था। स्वतंत्रता का मतलब क्या होता है, यह हम सब आज महसूस करते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों, मातहतों व आवास के कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना की।

Related Articles

Back to top button