सुमेरपुर में ट्रांसफार्मर खराब होने से 27 घंटे गुल रही वार्ड 16 की बिजली

हमीरपुर : भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति पर बुरा असर पड़ा है। कस्बे के वार्ड संख्या 16 में साहू चक्की के समीप रखा ट्रांसफार्मर खराब होने से वार्ड के कुछ हिस्से की आपूर्ति 27 घंटे ठप रहने से लोग गर्मी में बिलबिलाते नजर आए। साथ ही सुबह जलापूर्ति पर बुरा असर पड़ा।

कस्बे के वार्ड संख्या 16 में टाकीज के पीछे की आबादी को सप्लाई देने के लिए साहू चक्की के सामने 100 केवी का ट्रांसफार्मर रखा है। इसमें गुरुवार को सुबह करीब 10 बजे खराबी आने से आपूर्ति ठप हो गई। दिन भर मरम्मत के नाम पर उपभोक्ताओं को विभाग टहलाता रहा और रात में ट्रांसफार्मर जल जाने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। रात भर बिजली गुल रहने से सुबह उपभोक्ता आक्रोशित हो उठे। तब विभाग नींद से जागा और सचल ट्रांसफार्मर की व्यवस्था करके दोपहर एक बजे आपूर्ति बहाल कराई। तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। उधर दरियापुर में ट्रांसफार्मर में आग लग जाने से आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीण परेशान रहे। प्रधान आशाराम प्रजापति ने बताया कि आग बुझ गई है। ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है।

Related Articles

Back to top button