पोस्टकार्ड पर 21 हजार बार राम नाम लिख रामलला को भेजेंगे रघुबीर

आगरा। अयोध्या में श्री राम मंदिर में प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरा देश उत्साहित है। हर कोई अपने स्तर से इस विराट उत्सव में शामिल होने का प्रयास कर रहा है। आगरा के सिख रघुबीर सिंह भगवान राम के प्रति अपनी भक्ति और आस्था के लिए एक ही पोस्टकार्ड पर 21 हजार बार राम का नाम लिखकर अयोध्या भेजने जा रहे हैं।

रघुबीर 16 वर्ष पूर्व 31,480 बार एक ही पोस्टकार्ड में राम का नाम लिख कर गिनीज बुक आफ रिकार्ड के लिए भेज चुके हैं। महर्षि पुरम के रहने वाले रघुबीर एक दवा की कंपनी में एरिया मैनेजर हैं।

मूल रूप से फिरोजाबाद के रहने वाले रघुबीर ने बताया कि 2007 में फिरोजाबाद के कैला देवी मंदिर में हनुमान के भक्तों को कागज पर राम का नाम लिखते देख उन्होंने कुछ अलग करने की ठानी। पहली बार उन्होंने 21 हजार बार वह गुरु लिखा, इसके बाद 30,480 बार राम का नाम लिखा।

20 जनवरी तक लिखेंगे नाम
रघुबीर ने बताया कि पांच बार राम का नाम लिखने के बाद पेंसिल की नोंक को नुकीला करना पड़ता है। अब 16 साल बाद राम मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा के लिए अपनी आस्था के कारण एक बार फिर पोस्टकार्ड पर राम का नाम लिखना शुरू किया है। रघुबीर के अनुसार 20 जनवरी तक वो काम करेंगे और इस पोस्टकार्ड को राम मंदिर के लिए पोस्ट कर देंगे।

रक्तदान के कारण नाम पड़ा जीवन रक्षक
रघुबीर 19 साल से लगातार रक्तदान कर रहे हैं। उन्होंने अब तक 86 बार रक्तदान किया है। इंटरनेट पर लोगों की मदद के लिए उन्होंने जीवन रक्षक नाम का ग्रुप बनाया था। ग्रुप में देश भर के रक्तदाता जुड़े थे और कहीं भी रक्त की जरूरत होने पर आपस में सामंजस्य बिठा कर रक्तदाता को जरूरतमंद के पास पहुंचा देते थे। इस कारण लोग उन्हें जीवन रक्षक नाम से भी बुलाते हैं।

Related Articles

Back to top button