
Hardoi News : बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में देर रात भीषण आग लग गई। हादसे में 14 झोपड़ियां जलकर राख हो गई और दो बकरियां जलकर मर गईं। वहीं, एक व्यक्ति झुलस गई, जिसे लखनऊ में भर्ती कराया गया है।हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में जरसेनामऊ के मजरा भिक्खापुरवा में बृहस्पतिवार रात अचानक भीषण आग लग गई। इसमें एक घंटे में देखते ही देखते ही 14 झोपड़ियां और गृहस्थी राख हो गई। एक पक्का मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। करीब दस लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। वहीं, दो बकरियों की जलकर मौत हो गई। आग बुझाने के प्रयास में एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे लखनऊ में भर्ती कराया गया है।भिक्खापुरवा में रात में सभी लोग अपने घरों और झोपड़ियों में थे। रात करीब 10:30 बजे अचानक मटरू और रामसिंह की झोपड़ी में आग लग गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीणों में खलबली मच गई। जब तक ग्रामीणों ने आग बुझाने और गृहस्थी के सामान को समेटने का प्रयास किया। तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते ही कच्चे मकानों समेत 14 झोपड़ियों में आग पहुंच गई। आग से झोपड़ियों में रखा अनाज और गृहस्थी का सामान राख हो गया।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
आग बुझाने के प्रयास में केशराम गंभीर रूप से झुलस गए। प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया। अमर सिंह की सूचना पर करीब 20 मिनट बाद अग्निशमन दल के दो टेंडर फायर यूनिट गांव पहुंची। आग विकराल रूप ले चुकी थी। फायर यूनिट प्रभारी अशोक कुमार द्विवेदी ने बताया कि टीम ने आग बुझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों ने बताया कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है।
पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जाएगी
बिलग्राम एसडीएम पूनम भास्कर राजस्व टीम के साथ भिक्खापुरवा पहुंची। एसडीएम ने आग से हुए नुकसान को देखा। आग से प्रभावित परिवारों से कहा कि प्रशासन से हर संभव सहायता दिलाई जाएगी। लेखपाल ने आग से हुए नुकसान का आकलन किया। प्रारंभिक जांच में करीब दस लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया गया है।