
रायबरेली-लालगंज। भ्रष्टाचार के आरोपी दरोगा अरविंद कुमार त्रिवेदी पर कोर्ट ने शिकंजा कस दिया है। अपर सत्र न्यायाधीश-विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम वाराणसी के आदेश पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को दरोगा के दो घरों पर नोटिस चस्पा किया। साथ ही कोर्ट में हाजिर होने की मुनादी भी कराई।
दरअसल, लालगंज इलाके के गोविंदपुर वलौली गांव निवासी अरविंद कुमार त्रिवेदी प्रयागराज के घूरपुर थाने में थानाध्यक्ष के पद पर तैनात थे। उन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप था। जांच के दौरान उनके पास आय से 93 प्रतिशत अधिक व्यय पाया गया। पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर 2017 में 15 दिसंबर को उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत के दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान आरोपी को कई बार समन भेजा गया था, लेकिन वह कोर्ट में हाजिर नहीं हुए।
इसके बाद कोर्ट ने उसके खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिए। भ्रष्टाचार निवारण संगठन इकाई प्रयागराज के उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह की अगुवाई में पांच सदस्यीय टीम सबसे पहले दरोगा के गांव स्थित घर और फिर रायबरेली के जगदीशपुरम स्थित घर पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया के तहत घर के बाहर नोटिस चस्पा किया। ढोल-नगाड़े के साथ मुनादी कराकर आम जनता को सूचित किया कि आरोपी को निश्चित समय सीमा के भीतर कोर्ट के सामने पेश होना होगा। उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि आरोपी वर्तमान में निरीक्षक के पद पर क्राइम ब्रांच जनपद हमीरपुर में नियुक्त हैं, जिसके विरुद्व आय से अधिक संपत्ति पाए जाने पर संगठन ने जांच करके आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया था।