
विजय गोयल पर पुलिस ने गैंगस्टर में कार्रवाई की है। उसने नकली और नशीली दवाओं का 11 राज्यों में कारोबार फैला रखा था। सरगना और मैनेजर पहले से जेल में हैं। एक गुर्गा और दबोचा गया है। नकली और नशीली दवाओं के माफिया विजय गोयल उर्फ बंटी और उसके गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। जगदीशपुरा पुलिस ने विजय गोयल, उसकी पत्नी रेखा गोयल सहित 11 सदस्यों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की है। विजय गोयल और उसका मैनेजर नरेंद्र शर्मा पहले से जेल में है।
जेल से जमानत पर छूटने के बाद फरवरी 2024 में विजय गोयल ने सिकंदरा के इंडस्ट्रियल एरिया में नई दवा फैक्टरी खोली थी। इसमें भी नशीली और नकली दवाएं बनाई जाती थीं। अक्तूबर 2024 में एएनटीएफ ने इसी फैक्टरी पर छापा मारा था। विजय गोयल और नरेंद्र शर्मा सहित 10 लोगों को जेल भेजा गया था। 8 करोड़ रुपये की दवाएं और मशीनें बरामद हुई थीं।विजय गोयल का नेटवर्क देख पुलिस के भी होश उड़ गए थे। 11 राज्यों में वह नकली और नशीली दवाएं सप्लाई किया करता था। बाद में विजय गोयल पर कार्रवाई में ढिलाई बरतने पर एनटीएफ पर भी सवाल उठे थे। इंस्पेक्टर आनंदवीर सिंह ने जगदीशपुरा थाने में गैंगस्टर एक्ट का केस दर्ज कराया। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने राजाखेड़ा (धौलपुर) निवासी राजकुमार उर्फ बंटू को रविवार को गिरफ्तार किया है।
विजय गोयल गैंग के सदस्य
गैंगस्टर एक्ट के केस में विजय गोयल, नरेंद्र शर्मा, कल्याण सिंह, रोहित कुशवाह, मुकेश कुमार, शनि राज, रेखा गोयल, दीवान सिंह, अजीत पाराशर, दीपक उर्फ अमन गुप्ता, राजकुमार उर्फ बंटू को नामजद किया गया है। रेखा गोयल गैंग के सरगना विजय गोयल की पत्नी है।
संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई होगी
अब पुलिस आरोपियों की संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई करेगी। पुलिस ने बताया कि विजय गोयल और उसकी पत्नी के नाम काफी संपत्तियां हैं। इसके अलावा गिरोह के अन्य सदस्यों की संपत्ति भी चिह्नित की जा रही है।