
Jhansi News : चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, जब एक महिला ने अपने बेटे को जन्म दिया। यह घटना एक बड़ी हैरानी और दर्दनाक स्थिति में हुई, लेकिन महिला और नवजात दोनों को सुरक्षित बचा लिया गया।आंध्र प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में यात्रा कर रही महिला को अचानक चलती ट्रेन में प्रसव पीड़ा होने लगी। रेलवे के चेकिंग स्टाफ की महिला सदस्य संबंधित कोच में पहुंचीं। उन्होंने अन्य महिला यात्रियों की मदद से सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने बेटे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों की हालत सामान्य है।
बृहस्पतिवार को काचीगुड़ा से निजामुद्दीन जा रही गाड़ी संख्या 12707 आंध्र प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के बी-2 कोच में महिला यात्री सबीला अपने तीन बच्चों के साथ सफर कर रही थी। दोपहर तकरीबन तीन बजे आगरा-मथुरा के बीच अचानक उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। इसकी जानकारी होने पर चेकिंग स्टाफ की अंजली और रानी तत्काल महिला के पास पहुंच गईं। महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया।
सूचना पर रेलवे के चिकित्सकों की टीम मथुरा स्टेशन पर पहले ही पहुंच गई थी। इसके अलावा, महिला के परिजन भी मथुरा स्टेशन पर पहुंच गए थे। ट्रेन के रुकते ही चिकित्सकों ने महिला और बच्चे की जांच की। दोनों की स्थिति सामान्य पाई गई। इसके बाद महिला यात्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया।रेलवे के मंडलीय जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि चेकिंग स्टाफ ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। रेल कर्मियों के सेवाभाव की यात्रियों ने प्रशंसा की, जो रेलवे के लिए गर्व का विषय है।