
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा- कि प्रदेश में नशे का कारोबार अपने चरम पर है। नशे की वजह से प्रदेश में लोग जान गवां रहे हैं। नशे का कारोबार करने वाले पूरी तरह से बेकाबू हैं। नशा माफिया पूरे प्रदेश में तांडव मचा रहे हैं। जो वर्तमान हालात हैं वह बहुत चिंताजनक और शर्मनाक हैं।
रविवार को जारी एक प्रेस बयान में भाजपा प्रवक्ता ने बताया- कि प्रदेश में पिछले एक हफ्ते में नशे के ओवर डोज की वजह से तीन युवाओं की दुखद मृत्यु के मामले सामने आ चुके हैं। यह आधिकारिक तौर पर समाचारों में आया है, असली संख्या और भी बड़ी है, ऐसे बहुत मामले सामने भी नहीं आ पाते हैं। यह सोचकर मन दुख से भर जाता है कि नशे की वजह से युवाओं को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। उन्होंने कहा- कि सुक्खू सरकार हर मोर्चे पर फेल है। दुःखद स्थिति यह है कि इस पूरे प्रकरण में सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। नशे के बड़े सौदागर माफिया अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
संजय शर्मा ने कहा- कि सरकार नशे के कारोबार पर कड़ा प्रहार करे। भारतीय जनता पार्टी नशे के खिलाफ लड़ाई में सरकार का पूरा साथ देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश से नशे की विदाई होनी चाहिए और नशा माफिया का साम्राज्य नष्ट होना चाहिए। इसके लिए विपक्ष सरकार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा- कि भाजपा नशे के उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है। 19 जुलाई 2024 को ऊना में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्य समिति में नशे के खिलाफ प्रभावी लड़ाई का प्रस्ताव भी पास किया है।
भाजपा नेता संजय शर्मा ने आरोप लगाया- कि जब से व्यवस्था परिवर्तन वाली सुख की सरकार आई है प्रदेश में नशे का आतंक बेकाबू हो गया है। उसके पीछे नशा माफिया को मिल रहा राजनीतिक संरक्षण है। संरक्षण की वजह से प्रशासन भी कई बार अपना काम ठीक से नहीं कर पाता है। ऐसा एक बार नहीं बार-बार देखने को मिला जब प्रदेश में किसी भी प्रकार की माफिया के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करने की सोची तो राजनीतिक दखल उसमें आड़े आया।